अरुणा लाल छात्रवृत्ति

राष्ट्रीय विज्ञान दिवस के अवसर पर, स्क्रीनिंग टेस्ट एवं विशेषज्ञों के पैनल द्वारा व्यक्तिगत साक्षात्कार के आधार पर चयनित पांच मेधावी छात्रों को अरुणा लाल छात्रवृत्ति से सम्मानित किया जाता है। अरुणा लाल फाउंडेशन की स्थापना स्वर्गीय प्रो. देवेन्द्र लाल ने अपनी पत्नी श्रीमती अरुणा लाल की स्मृति में की थी।

स्वर्गीय प्रो. देवेंद्र लाल पी.आर.एल. के निदेशक (1972-1983) और स्क्रिप्स इंस्टीट्यूशन ऑफ ओशनोग्राफी, कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय, सैन डिएगो, यूएसए (1989 - 2012) के विजिटिंग प्रोफेसर थे।

उच्च माध्यमिक स्कूल के छात्रों को विज्ञान और संबंधित विषयों में अध्ययन हेतु प्रोत्साहित करने के लिए यह छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। ये छात्रवृत्ति 11वीं कक्षा (विज्ञान विषय) के 5 छात्रों को उच्च माध्यमिक के दौरान विज्ञान विषयों में उनके संतोषजनक निष्पादन के आधार पर दो वर्ष की अवधि के लिए प्रदान की जाती हैं। 12वीं कक्षा के बाद मूलभूत विज्ञान में अध्ययन करने वाले पुरस्कार प्रापकों के लिए इसे तीसरे वर्ष तक बढ़ाया जा सकता है। वर्तमान में छात्रवृत्ति राशि 10000/- रुपये प्रति वर्ष है।